बिहार में बंटने लगे सौगात-ए-मोदी किट, वक्फ बिल विरोध के बीच भाजपा की ईदी

बिहार में चुनावी साल में केंद्र सरकार के वक्फ बोर्ड संशोधन बिल पर मुस्लिम संगठन विरोध कर रहे हैं, जिन्हें विपक्षी दलों का भी समर्थन मिला है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ईद पर मुसलमानों को ईदी देने जा रही है। राजधानी पटना में भाजपा के ‘सौगात-ए-मोदी’ किट बंटना शुरू हो गए हैं। पटना में भाजपा नेताओं ने गुरुवार को मुस्लिम महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को हाई कोर्ट मजार पर ये किट वितरित किए।

हाई कोर्ट मजार पर भाजपा नेता दानिश इकबाल के नेतृत्व में गुरुवार को सौगात ए मोदी किट बांटे गए। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी की ओर से देश भर में 32 लाख गरीब मुस्लिमों को यह किट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत बीते मंगलवार को दिल्ली से की गई थी। बताया जा रहा है कि बीजेपी के इस किट में खाने-पीने की चीजों के साथ कपड़े, ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजें हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि गरीब लोग भी अच्छे से अपने परिवार के साथ ईद मना सके, इसलिए ये किट बांटे जा रहे हैं।

दूसरी ओर, बिहार में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड समेत अन्य मुस्लिम संगठनों के नेतृत्व में वक्फ संशोधन बिल को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। बुधवार को पटना में हुए महाधरना में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत कई नेता शामिल हुए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *