देश की राजधानी दिल्ली में गोल्ड की कीमत में लगातार दूसरे दिन फायदा हुआ है. जिसकी वजह से सोना एक बार फिर से 91 हजार रुपए के पार चला गया है. जानकारों की मानें तो डोनाल्ड ट्रंप के ऑटो टैरिफ की वजह से निवेशकों में काफी डर फैल गया है. जिसकी वजह से सोने की कीमतों में इजाफा देखने को मिला है. वहीं दूसरी ओर जियो पॉलिटिकल टेंशन भी देखने को मिल रही है. जिसका असर सोने की कीमतों में देखने को मिल रहा है. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में इजाफे का सिलसिला इसी तरह से जारी रहा तो गोल्ड की कीमतें एक बार फिर से रिकॉर्ड तोड़ सकती है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतें कितनी हो गई हैं.
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, विदेशी बाजारों में मजबूत रुख के बीच गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 365 रुपये बढ़कर 91,050 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. 99.9 फीसदी शुद्धता वाली कीमती धातु बुधवार को 90,685 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 365 रुपये बढ़कर 90,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि पिछले दिन इसका भाव 90,235 रुपये प्रति 10 ग्राम था. इसका मतलब है कि सोने की कीमतों में दो दिनों में 600 रुपए का इजाफा देखने को मिल चुका है. चांदी की कीमत भी 200 रुपये बढ़कर 1,01,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. बुधवार को यह 1,01,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.