लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) से भरे एक टैंकर में विस्फोट होने से एक नाबालिग लड़की सहित छह लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में 31 लोग घायल हुए हैं. बचाव अधिकारियों के अनुसार, मुल्तान के हमीदपुर कनौरा इलाके के औद्योगिक क्षेत्र में यह हादसा हुआ. जियो न्यूज की खबर में कहा गया है कि सोमवार को टैंकर में विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई. विस्फोट के बाद वाहन का मलबा आस-पास के रिहायशी इलाकों में जा गिरा जिससे भारी नुकसान हुआ.
बचाव अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आग बुझाने के लिए 10 से अधिक दमकल गाड़ियों और फोम आधारित उपकरणों का इस्तेमाल किया गया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक रिपोर्ट में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में एक घर से एक और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई. मृतकों में एक नाबालिग लड़की और दो महिलाएं शामिल हैं.