आगरा में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. ईदगाह कटघर कॉलोनी में सुबह टहलने निकली एक बुजुर्ग महिला पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. इस घटना का वीडियो दिल दहला देने वाला है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसने भी इस वीडियो को देखा उसके होश उड़ गए. लगभग सात कुत्तों ने महिला को घेर लिया और उसे बुरी तरह नोंच खाया. इस हमले का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला सुबह टहल निकली थी. एक कुत्ते ने महिला की सलवार को मुंह में दबोच लिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई. इसके बाद कई कुत्ते महिला पर टूट पड़े. कुत्तों ने महिला को खींचते हुए एक खाली प्लॉट में ले जाने की कोशिश की. महिला चीखती रही, लेकिन आसपास कोई भी मौजूद नहीं था. काफी देर बाद एक राह चलते आदमी ने महिला की जान बचाई.