ऑनलाइन लव स्टोरी उत्तर प्रदेश की लड़की को भारी पड़ गई. बात है कोरोना महामारी के समय की. साल 2020 में जब लॉकडाउन लगा को अयोध्या निवासी एक लड़की समय बिताने के लिए लुडो खेलने लगी. लड़की जो कि पेशे से संविदा स्वास्थ्य कर्मी है, ऑनलाइन लुडो खेलते उसकी दोस्ती सिम्मी नामक लड़की से हुई. दोनों के बीच अच्छी खासी दोस्ती हो गई. इसके कुछ समय बाद लड़की को मैसेज आया कि सिम्मी की मौत हो गई है.
सिम्मी की आईडी चला रहे लड़के ने कहा कि मेरा नाम अनिकेत शर्मा है. सिम्मी की ID अब मैं ही चलाऊंगा. इसके बाद लड़की की अनिकेत से दोस्ती हो गई. दोनों ने फोन नंबर एक्सचेंज किए. लड़की का आरोप है कि अनिकेत ने एक दिन अचानक उसे प्रपोज कर दिया. कहा- मैं तुमसे शादी करना चाहता हूं. लड़की भी उसे पसंद करती ही थी. फिर उसने कहा कि मैं पहले तुम्हारे घर-परिवार के बारे में जानना चाहती हूं.
अनिकेत ने बताया- मैं पंजाब के नवांशहर स्थित मोहन नगर का रहने वाला हूं. अनिकेत ने लड़की को भरोसे में लिया और वो भी शादी के लिए राजी हो गई. इसके बाद अनिकेत उससे मिलने आया. वहां 6 मई 2023 को दोनों ने एक मैरिज लॉन में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. लड़की के परिवार वाले इस शादी में मौजूद रहे, लेकिन अनिकेत के परिवार वाले इस शादी में नहीं आए. अनिकेत ने कहा- मैं ऑस्ट्रेलिया में जॉब करता हूं. बाद में तुमको ससुराल लेकर चलूंगा.