16.81 करोड़ की कथित धोखाधड़ी मामले में अतुल मेहता दिल्ली से गिरफ्तार

लुधियाना: रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर उद्योगपति से करीब 16.81 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में लुधियाना पुलिस ने जालंधर निवासी अतुल मेहता को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके दिल्ली में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। Media report

मामला लुधियाना के मॉडल टाऊन थाने में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सतपाल सचदेवा ने अतुल मेहता और उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप के मुताबिक, अतुल मेहता ने रियल एस्टेट प्रोजैक्ट में निवेश करवाने के लिए शिकायतकर्ता का भरोसा जीता और जमीन खरीदकर रिहायशी कॉलोनी विकसित करने तथा निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी आधार पर उससे करीब 16.81 करोड़ रुपए लिए गए। इनमें कुछ रकम विभिन्न बैंक खातों में आर.टी.जी.एस. के माध्यम से ट्रांसफर की गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो शिकायतकर्ता के नाम जमीन खरीदी गई और न ही उसकी राशि वापस की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि अतुल मेहता ने कुछ चैक जारी किए थे। उसकी पत्नी की ओर से भी 1.50 करोड़ रुपए का चैक दिया गया था। इन चैकों के हस्ताक्षरों को लेकर भी शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए और दावा किया कि वे बैंक रिकॉर्ड में मौजूद हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते।

अतुल मेहता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले में हुए करोड़ों रुपए के लेन-देन की जांच करेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायतकर्ता से प्राप्त रकम किन बैंक खातों में पहुंची और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया। साथ ही जमीन खरीदने और रियल एस्टेट प्रोजैक्ट विकसित करने से जुड़े दावों की भी जांच की जाएगी।

पुलिस द्वारा जमीन से संबंधित दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, कथित समझौतों और चैकों को भी जांच के दायरे में लिया जा रहा है। शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच हुए अन्य लेन-देन तथा संपर्क से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

वहीं, एजीआई इंफ्रा के एम.डी. सुखदेव सिंह ने कहा कि अतुल मेहता का उनकी कंपनी से कोई लेन-देन नहीं है। उन्होंने बताया कि मेहता काफी समय पहले ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे।

मामले में अतुल मेहता की पत्नी सलोनी मेहता अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बताया गया है कि मेहता दंपति की बेल याचिका भी खारिज हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *