जालंधर, भारतीय जनता पार्टी द्वारा 30 सितंबर को जालंधर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की प्रस्तावित “नशा मुक्त पंजाब महारैली” को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी कड़ी में भाजपा पंजाब के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री श्री सतीश पूनिया ने जालंधर के एक स्थानीय होटल में विभिन्न प्रबंधन समितियों तथा प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जालंधर शहरी के अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने की बैठक के दौरान रैली की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंच प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा समन्वय, मीडिया प्रबंधन, अतिथि स्वागत, जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार, स्वयंसेवक प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियों का पुनः आकलन किया गया तथा संबंधित समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर भाजपा पंजाब के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री श्री सतीश पूनिया ने कहा कि 30 सितंबर की नशा मुक्ति महारैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब को नशे के अभिशाप से मुक्त कराने के लिए जनजागरण का एक बड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है तथा यह आयोजन पंजाब में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देगा।
भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब आज नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और भाजपा इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर की धरती से उठने वाली यह आवाज पूरे प्रदेश में नशा मुक्त पंजाब के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं प्रबंधन समितियों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, प्रदेश महामंत्री परमिंदर सिंह बराड़, प्रदेश महामंत्री राजेश बागा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व महापौर राकेश राठौर, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल, पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, अविनाश चंद्र कलेर, दिनेश ढल्ल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, रमन पब्बी, रवि महेंद्रू, पुनीत शुक्ला, जिला महामंत्री राजेश कपूर जिला मीडिया इंचार्ज अमित भाटिया जिला उपाध्यक्ष मनीष विज दविंदर भारद्वाज अश्विनी भंडारी जिला सचिव श्याम शर्मा गोपाल कृष्ण सोनी योगेश मल्होत्रा बृजेश शर्मा संजीव शर्मा मनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।