रेलवे फाटक की टूटी सड़क की हुई रिपेयर स्थानीय लोगों को मिली राहत

जालन्धर। प्रीत नगर, लाडोवाली रोड स्थित रेलवे फाटक नंबर 2 एस/2 ई के आसपास लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब थी। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए थे तथा बजरी बिखरी होने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खराब सड़क के कारण कई लोग हादसों का शिकार होकर चोटिल भी हो चुके थे।

हाल ही में एक छात्रा अपनी स्कूटी से सड़क की खराब हालत के कारण फिसलकर गिर गई थी। उसे मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन (एनजीओ) के अध्यक्ष रमेश महेन्द्रू ने मामले की जानकारी रेल प्रशासन के संज्ञान में लाई।

रेल प्रशासन द्वारा मामले पर कार्रवाई करते हुए आज रेलवे फाटक नंबर 2 एस/2 ई, प्रीत नगर, लाडोवाली रोड पर सड़क की रिपेयर करवा दी गई। सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है तथा अब यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलेगी।

हालांकि रेलवे फाटक पर कार्य सुरक्षित तौर पर करवाने के लिए एक तरफ से रास्ता बंद करना पड़ा, जिससे कुछ ट्रैफिक की समस्या अवश्य जनता को हूई। जबकि ट्रैफिक समस्या के लिए स्थानीय पुलिस ने सहयोग किया और ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से लोगों को राहत प्रदान की।

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पार्षद पति जगजीत सिंह ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि सड़क की रिपेयर होने से लोगों को राहत मिली है और संबंधित समस्या को रेल प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन के प्रयास सराहनीय हैं।

अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन के अध्यक्ष रमेश महेन्द्रू ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण रोजाना लोगों को परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए यह मामला रेल प्रशासन के समक्ष उठाया गया।

इस अवसर पर रमेश महेन्द्रू, जगजीत सिंह, विजय शर्मा, सुनील सहदेव, जसविन्द्र सिंह धीरज, बलदेव राज, मुकेश कालिया, गुरजीत सिंह खेत्रपाल ,राज कुमार, बबबू ,भाटिया सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *