दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के गुड्डर इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भारी मुठभेड़ हुई. इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया. इस मारे गए आतंकी की पहचान आमिर डार के रूप में हुई है. सोपियां जिले का रहने वाला डार लश्कर ए तैयबा से जुड़ा बताया जा रहा है. वहीं आतंकियों की गोलीबारी में सेना के एक जेसीओ के भी घायल होने की खबर है. हालांकि इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दरअसल खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. खुद को घिरा हुआ देखकर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की और मुठभेड़ शुरू हो गई. सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह से घेर लिया है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं ताकि आतंकियों को भागने का कोई मौका न मिल सके.