नई दिल्ली, चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार को भारत पहुंच गए और उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ मुलाकात भी की. यी, दो दिवसीय दौर के लिए भारत आए हैं. मंगलवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. इसके अलावा उनकी एक मीटिंग राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल से भी होनी है.
यी का भारत दौरा साल 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद गंभीर तनाव में आए दोनों देशों के संबंधों को फिर से सामान्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को नई दिल्ली में अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ खास मुलाकात की. उन्होंने कहा कि साल 2024 में दोनों देशों के नेताओं की कजान में मुलाकात के बाद किसी चीन के अधिकारी की यह पहली मुलाकात है. वांग के साथ अपनी मीटिंग में, जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच मतभेद विवाद नहीं बनने चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने चीनी समकक्ष का ध्यान इस तरफ भी दिलाया कि सीमा पर तनाव कम करना जारी रहे.