जालन्धर, अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन व प्रेम चंद मारकण्डा एस डी कॉलेज फार वूमेन द्वारा भारतीय योग संस्थान के सहयोग से सूर्या एनकलेव के रोज़पार्क में बड़ी धूमधाम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। जिसमें पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर जेनरल आफ पुलिस डा॰ सुरेन्द्र कुमार कालिया एवं प्रेम चंद मारकण्डा एस डी कॉलेज फार वूमेन की प्रिंसीपल डा॰ पूजा पराशर बतोर मुख्यातिथि उपस्थित हुए।
अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन द्वारा आयोजित योग उत्सव के नौवें दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रेम चंद मारकण्डा एस डी कॉलेज फार वूमेन की छात्राओं एवं एन सी सी कैडेट्स के साथ एन सी सी अधिकारी प्रिया महाजन भी उपस्थित रही।
योग उत्सव के नौवें दिन योग शिक्षक शक्ति सिंह व रेखा उप्पल ने योग साधकों को कई प्रकार की योग साधना करवाई एव॔ प्रत्येक योग क्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी।
रमेश महेन्द्रू ने अपने संबोधन में कहा कि अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन का गठन दिवंगत पत्रकार अल्फ़ा महेन्द्रू के नाम से किया गया है और हम लोग इस फाउंडेशन के माध्यम से अधिकतर हेल्थ से संबंधित प्रोजेक्ट करते है ताकि आप सभी लोग स्वस्थ रहे। इसका मुख्य कारण यह है कि यदि आप स्वस्थ होंगे तो आप अपने रोजमर्रा के कार्य सही तरीके से कर पायेंगे व अपनी व अपने परिवार की भी सही तरीके से देखभाल कर सकते है।
मुख्यातिथि सेवानिवृत्त आई जी डा॰ सुरेन्द्र कुमार कालिया (जो कि अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक भी है) ने अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन के कार्यो की भरपूर प्रशंसा की और अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए योग साधकों से कई किस्से शेयर किये। प्रिंसीपल डा॰ पूजा पराशर ( अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन की प्रोजेक्ट निदेशक- महिला सशक्तिकरण ) ने कहा कि अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन समाजिक व राष्ट्रहित में कार्यों में सदैव अग्रणी रहते है और प्रेम चंद मारकण्डा एस डी कॉलेज फार वूमेन और अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन दोनो मिलकर हर वर्ष कई प्रोजेक्ट करते है ,जिससे हर वर्ग के लिए फायदेमंद हो।
उन्होने बच्चों के भविष्य व शिक्षा से संबंधित अपने संबोधन में कहा कि हमारा कॉलेज सदैव बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। डा॰ पूजा ने कहा कि आप अपने बच्चों खासतौर पर अपनी बेटियों को वह ही प्रोफेशनल कोर्स करवाए,जिसमें उनकी दिलचस्पी हो। उन्होने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आप बेटी को कभी भी कमजोर ना समझे और उसका सही मार्गदर्शन करें ताकि वह अपने जीवन में मुश्किल से मुश्किल पड़ाव पर भी अपने आपको निर्बल ना समझे। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज के युग में बेटियों का शिक्षित व आत्मनिर्भर होना अति आवश्यक है। अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन द्वारा डा॰ सुरेन्द्र कुमार कालिया सेवानिवृत्त आई जी व प्रिंसीपल डा॰ पूजा पराशर को मां की लाल चुनरी ,फूलदान व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके इलावा रोज़पार्क वैलफेयर सोसाईटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त डी एस पी गुरनाम सिंह, समाज सेवक मुकेश कालिया व प्रेम चंद मारकण्डा एस डी कॉलेज की ऐसोसिऐट प्रोफेसर व एन सी सी अधिकारी कॅप्टन प्रिया महाजन को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
डा॰ मुकेश वालिया व डा॰ चन्द्र प्रकाश ने अल्फ़ा महेन्द्रू फाउंडेशन के गठन से लेकर और अब तक आयोजित प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर
मुकेश कालिया,कंचन कपूर,जतिन्द्र सैनी,प्रतीक महेन्द्रू, व काफी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग साधनाऐ भी की।