हरियाणा और पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान को खुफ़िया जानकारी मुहैया कराने के आरोप में जिन लोगों को इस सप्ताह गिरफ़्तार किया है, उनमें हरियाणा की ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा भी शामिल हैं. हरियाणा पुलिस के मुताबिक़ ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल और लैपटॉप से कुछ संदिग्ध सामग्रियां मिली हैं. उनके ख़िलाफ़ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को ख़तरे में डालने वाले कृत्य करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
गिरफ़्तारी के बाद से ही ज्योति की पाकिस्तान यात्रा की काफ़ी चर्चा हो रही है. इसके अलावा उनका एक और वीडियो ख़बरों में है, जो पिछले साल भारत में पाकिस्तानी उच्चायोग की डिनर पार्टी का है.