पाकिस्तान की एक कोर्ट ने एक साल के अंदर मर्डर केस का निपटारा कर दो लोगों को मौत की सजा सुनाई है. यहां एक महिला की हत्या करने के जुर्म में उसके पिता और भाई को मौत की सजा सुनाई गई है. दोनों पर एक-एक करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगा है. उन्होंने महिला को मारकर उसको गुपचुप तरीके से दफना दिया था, लेकिन जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तो शव को कब्र से निकालकर उसका पोस्टमार्टम किया गया.
द डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, सेशन कोर्ट के जज जस्टिस अब्दुल हाफीज भुट्टा ने पाकिस्तान पीनल कोड के सेक्शन 302(b) के तहत मोहम्मद फैसल और अब्दुल सत्ता को को मौत की सजा सुनाई है. कोर्ट ने कहा कि इन्हें तब तक फांसी पर लटकाएं जब तक इनका दम न निकल जाए. जज ने दोनों पर एक-एक करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जो उनके जमीन से राजस्व के तौर पर वसूले जाएंगे.
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि पहले दोनों को छह महीने के लिए जेल भेजा जाएगा. फिर उन्हें जिला जेल में ट्रांसफर किया जाएगा और इसके बाद फांसी की सजा की पुष्टि के लिए मामले को लाहौर हाईकोर्ट भेजेंगे. कोर्ट ने आखिर में कहा कि दोषी सजा के खिलाफ 30 दिनों के अंदर अपील कर सकते हैं.