जालंधर, आम आदमी पार्टी जिला जालंधर शहरी के प्रधान एवं जिला योजना बोर्ड जालंधर (पंजाब सरकार) के चेयरमैन अमृतपाल सिंह ने आज गांव बुलंदपुर स्थित सरकारी हाई स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 9.30 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए नए क्लासरूम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अमृतपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्रांति के माध्यम से सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर निजी स्कूलों के स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि आर्थिक स्थिति किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी स्कूलों में नए क्लासरूम के साथ-साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम, बेहतर बुनियादी ढांचा और विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर उनकी शिक्षण क्षमता को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
चेयरमैन अमृतपाल सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार मानती है कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। आज सरकारी स्कूलों में किए जा रहे सुधारों का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर प्रदान करना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि गांव बुलंदपुर के सरकारी हाई स्कूल में 9.30 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ नया क्लासरूम भी इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक स्थान और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्कूल के शैक्षणिक वातावरण में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ गांवों के सरकारी स्कूलों में भी समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिक्षा पर किया गया निवेश वास्तव में आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर किया गया निवेश है।
इस अवसर पर पार्षद दीपक शारदा, जिला सचिव गुरपाल सिंह, चेयरमैन मार्केट जालंधर, इंद्रजीत सिंह, विधानसभा चेयरमैन दलित विकास बोर्ड सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्कूल से जुड़े सदस्य विशेष तौर पर मौजूद रहे।