सहपाठियों सहित कई लोगों द्वारा लड़की से किया दुष्कर्म

केरल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक दलित समुदाय लड़की से 64 लोगों ने दुष्कर्म किया, लड़की एथलीट है। मामले का खुलासा होने से पुलिस भी हैरान है। लड़की से बलात्कार करने के आरोप में पहले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था और अब पुलिस ने नौ और लोगों को हिरासत में लिया है। केरल पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पथानामथिट्टा जिले के दो थानों में पांच प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शुक्रवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे पता चलता है कि लड़की के साथ उसके कोच, साथी एथलीट और सहपाठियों सहित कई लोगों द्वारा बलात्कार किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की के बयान के अनुसार, उसने संदिग्धों से बातचीत करने के लिए अपने पिता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। उन्होंने बताया कि फोन के डिटेल्स और लड़की के पास मौजूद डायरी से मिली जानकारी की पुष्टि करने के बाद 40 लोगों की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में 60 से ज़्यादा लोगों के शामिल होने का संदेह है और पथानामथिट्टा के विभिन्न थानों में प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि ये घटनाएं उस समय हुईं जब लड़की नाबालिग थी, इसलिए आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी लगाई जाएंगी। पथानामथिट्टा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने कहा कि हो सकता है कि पथानामथिट्टा जिले के बाहर के व्यक्ति भी इस मामले में शामिल रहे हों। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष के अनुसार, लड़की 13 साल की उम्र से ही बलात्कार की शिकार हुई। उसके साथ बार बार बलात्कार किया गया।

समिति ने बाद में पुलिस को सूचित किया, जिसने जांच शुरू की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पथानामथिट्टा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *