चंडीगढ़, पुलिस की महिला सिपाही की न्यूड फोटो को वायरल करने की धमकी देकर ठगों ने लाखों रुपए ठग लिए। महिला सिपाही ने इसकी शिकायत साइबर सेल में की। साइबर सेल ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये चारों महिला सिपाही की न्यूड फोटो पब्लिश करने व सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चारों आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 10 बैंक अकाउंट की कॉपी बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान यूपी के गाजियाबाद निवासी आदेश कुमार, तनवीर खान, वाजिद और दिल्ली के रहने वाले महफूज आलम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी तनवीर खान और वाजिद साइबर फ्रॉड के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके है। फिलहाल आरोपी जमानत पर चल रहे है। इन्हें पकड़ने के लिए साइबर सेल इंस्पेक्टर रणजीत सिंह की अगवाई में एक टीम बनाई गई थी इसके बाद आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पीड़ित महिला सिपाही ने बताया कि उसने रियल मनी एप्लीकेशन डाउनलोड की थी। इसके बाद उसमें बैंक खाते का विवरण मांगा गया, जो उसने भर दिया इसके बाद उन्होंने उसके खाते में 1800 रुपए डाल दिए पैसे वापस भेजने का उन्होंने बहुत प्रयास किया लेकिन नहीं हुए। उसके बाद उसके फोन में मैसेज आने लगे जिसमें लिखा था कि राशि का जल्द भुगतान करें।
उसके बाद उसे अलग-अलग मोबाइल नंबर के जरिए व्हाट्सएप कॉलिंग आई और कहा कि उनके द्वारा भेजे गए बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दो वरना उसकी न्यूड़ फोटो पब्लिश कर देंगे।
जैसे ही आरोपी ने न्यूड फोटो पब्लिश करने की धमकी दी इसे सुन महिला सिपाही डर गई और उसने आरोपी द्वारा भेजे गए बैंक अकाउंट में अलग-अलग कर कई बार पैसे ट्रांसफर कर दिए। आरोपी के पास पीड़िता द्वारा करीब 71 लाख रुपए दिए जा चुके है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आदेश कुमार के दस्तावेज लगाकर एक फर्जी शैल ट्रेडिंग फर्म खोली हुई थी। और फर्जी कंपनी के नाम से तनवीर खान ने अलग-अलग बैंकों में खाते खोल रखे थे। उन दस्तावेजों पर ही सिम भी खरीदे जिसके जरिए आरोपी लोगों को अलग-अलग नंबर से फोन कर ब्लैकमेल कर उनसे पैसे लेते थे।