LUDHIANA : कांग्रेस के दिग्गज नेता और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु मुश्किलों में घिरते हुए नजर आ रहे हैं। ईडी ने वीरवार को पूर्व मंत्री आशु के दफ्तर और घर पर दबिश दी। इसके साथ ही ईडी ने आशु के करीबी और कांग्रेस नेता मीनू मल्होत्रा के घर पर भी रेड की। फिलहाल ईडी ने दस्तावेजों की जांच करने के बाद कुछ कागजात को कब्जे में ले लिए हैं।
ईडी की टीम आशु से पूछताछ भी कर रही है। ईडी की रेड के चलते पूर्व मंत्री आशु और उनके परिवार के सदस्यों को घर में ही रोक कर रखा है। साथ ही उनके मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार ईडी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में रेड की है। आपको बता दें कि भारत भूषण आशु टेंडर ट्रांसपोर्ट घोटाले मामले में जेल जा चुके हैं। इसके अलावा उन पर अवैध संपत्ति बनाने का भी आरोप है। इसके अलावा आशु के करीबी मीनू मल्होत्रा का नाम भी टेंडर घोटाले से जुड़ा हुआ है।