किसान संगठनों के धरने से निहंगों के आगे के संबंध पर चर्चा 27 अक्टूबर को, घटना के बारे में बताया जाएगा

NEW DELHI : सिंघु बॉर्डर पर किसानों के धरना स्थल पर एक व्यक्ति की नृशंस हत्या के बाद उठे विवाद के बीच निहंग सिंहों ने आंदोलन से अपने जुड़ाव का भविष्य तय करने के लिए 27 अक्टूबर को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। सिंघु बॉर्डर पर मोर्चा लगाए बैठे जत्थेदार बाबा कुलविंदर सिंह चमकौर साहिब निहंग जत्थेबंदी के सदस्य शेर सिंह ने बताया कि निहंग जत्थेबंदियों ने 27 अक्टूबर को बैठक करने का फैसला किया है जिसमें दिल्ली की सीमा पर चल रहे किसान संगठनों के धरने से निहंगों के आगे के संबंध पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में देशभर की जत्थेबंदियों और किसान यूनियन सहित हर धर्म के प्रतिनिधियों को बुलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत प्लाजा होटल में एक हजार से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।
पिछले दिनों सिंघू बार्डर पर हुए हादसे के बाद निहंगों के किसान आंदोलन में शामिल होने पर उठ रहे सवालों के बाद सभी जत्थेबंदियों ने बैठक करने का निर्णय लिया है, जिसमें वे अपना पक्ष रखेंगी। सभी लोगों को असल घटना के बारे में बताया जाएगा। साथ ही साथ आपसी सहमति से भविष्य में किसान आंदोलन के साथ संबंधों के बारे में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां सिंघु बॉर्डर पर कुल छह निहंग जत्थेबंदियां मौजूद हैं। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर मोर्चा लगाया है। सिंह के अनुसार कनाडा, अमेरिका और ब्रिटेन में भी जत्थेबंदियों की ओर से बैठक की जाएगी। वे भी हमारे लिए एकजुट होंगी। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ का किसी भी धर्म के साथ कोई बैर नहीं है। उन्हें सभी ओर से समर्थन प्राप्त हो रहा है। अन्य धर्म के लाेग उनके समर्थन में जुट रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *