दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में 8 महीने पहले मर चुके एक बुजुर्ग व्यक्ति को कथित तौर पर कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाए जाने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की इस करतूत के बाद मृतक के परिजन भी हैरान हैं। जानकारी के अनुसार, किशनपाल के परिजन 21 जनवरी को उस वक्त अचरज में पड़ गए, जब उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि किशनपाल को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लग गई है। हालांकि किशनलाल का निधन पिछले साल ही हो चुका है। मोबाइल पर आए मैसेज के मुताबिक, किशनपाल को वैक्सीन की दूसरी डोज 21 जनवरी 2022 को दोपहर 1: 37 मिनट पर लगाई गई है। दरअसल, गाजियाबाद निवासी किशनपाल का बीते साल कोरोना की सेकेंड वेव के दौरान 6 मई 2021 को निधन हो गया था। किशनपाल को कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज 06 अप्रैल 2021 को लगाई थी, जिसके एक महीने बाद ही उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के आठ महीने बाद अब उन्हें दूसरी डोज लगाने का मैसेज मिलने से उसके परिजन हैरान हैं। उन्होंने इस घटना के पीछे बड़े फर्जीवाड़े की आशंका जाहिर की है।