दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने रविवार को गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बारे मीडिया को जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में पिछले 2 महीने से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली हमेशा ही आतंकियों के टारगेट पर रहती है। इसे लेकर हम इस बार भी अलर्ट हैं। शहर में नाकाबंदी, वाहनों की जांच, होटलों और गेस्ट हाउसों की जांच और वैरिफिकेशन की जा रही है। राकेश अस्थाना ने कहा कि हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए काउंटर ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। कमिश्नर ने बताया कि इस बार 27,000 से ज्यादा फोर्स लगाई जाएगी, जिनमें दिल्ली पुलिस के कमांडो से लेकर डीसीपी, एसीपी स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। साथ ही केंद्रीय सुरक्षा बलों की 65 कंपनियां भी तैनात रहेंगी। शहर से बाहर जाने वाले रास्ते पर कड़ी निगरानी की जा रही है। दूसरी एजेंसियों की भी मदद ली गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।