अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में गुरुवार 12 जून की दोपहर अचानक से हड़कंप मच गया. यहां एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 जब सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भर रही थी, तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही मिनटों में वह एक भीषण त्रासदी में बदल जाएगी. लंदन के लिए रवाना हुई यह फ्लाइट उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद अहमदाबाद के मेघाणी नगर इलाके के पास एक मेडिकल हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
इस बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में सवार 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर्स की मौत ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 274 जा पहुंची है. इनमें 241 लोग विमान में सवार थे, जबकि 33 अन्य मेडिकल हॉस्टल में मौजूद थे.
इस बीच एक चश्मदीद की दिल दहला देने वाले इस हादसे का आंखों देखा हाल बताया है. यह शख्स हादसे के बाद पास के ही मैदान में क्रिकेट खेल रहा था. उसने CNN-News18 को बताया, ‘हम खेल रहे थे तभी जहाज़ बहुत ही नीचे से गुज़रा. वो हमारे सिर के ऊपर से निकला. आमतौर पर जितनी ऊंचाई पर विमान होते हैं, यह उससे कहीं ज़्यादा नीचे था.’