लखनऊ/नई दिल्ली,बाहुबली माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद की हत्या के बाद उसकी संपत्ति को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे. सरकार ने पहले ही उसकी करोड़ों की संपत्ति को कुर्क कर लिया. लेकिन इसके बावजूद अतीक और उसके भाई अशरफ की बेनामी संपत्ति अभी भी जांच के दायरे में है. इसी संपत्ति को लेकर लखनऊ के एक पांच सितारा होटल में बड़ी डील होने वाली थी. लेकिन पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया. उस शख्स को पुलिस ने धर दबोचा जो इस संपत्ति को ठिकाने लगाने में शाइस्ता और जैनब की मदद कर रहा था. हम बात कर रहे हैं अतीक अहमद के वकील रह चुके विजय मिश्रा की.इस मामले में संपत्ति को लेकर ये खुलासा एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है. दरअसल, जब से उमेशपाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद और उसके परिवार वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया. उसकी तमाम संपत्तियों को जब्त और कुर्क किया गया. लेकिन जब प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के बीच तीन नई उम्र के बदमाशों ने सरेआम अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी, तो उसके बाद उसकी बेनामी संपत्ति को लेकर जांच एजेंसिया और तेजी से कार्रवाई करने के मूड में आ गई.
इधर, पुलिस को तलाश थी अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और अशरफ की बीवी जैनब की. लेकिन ये दोनों अभी तक पुलिस की पहुंच से बाहर हैं. इन दोनों के अलावा पुलिस इस मामले में अभी तक गुड्डू मुस्लिम उर्फ गुड्डू बमबाज, साबिर और अरमान की तलाश कर रही है. गुड्डू मुस्लिम को आखिरी बार ओडिशा में देखा गया था. इसके बाद उसके बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है.