नई दिल्ली, हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदने वालों के लिए क्रांतिकारी फैसला आया है. उन्हें अब देश के किसी भी अस्पताल में कैशलेस इलाज कराने की सुविधा मिलेगी. भले ही वह अस्पताल इंश्योरेंस कंपनी की लिस्ट में हो या नहीं. जनरल इंश्योरेंस काउंसिल (GIC) ने पॉलिसी होल्डर्स के हित में यह फैसला लिया है. काउंसिल ने जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों के साथ बातचीत के बाद ‘कैशलेस एवरीव्हेर’ इनीशिएटिव शुरू किया है. इसमें देश के किसी भी अस्पताल में कैशलेस इलाज की सुविधा देने पर सहमति बनी है. अभी हेल्थ पॉलिसी खरीदने वाले ग्राहक सिर्फ उसी अस्पताल में कैशलेस इलाज की सुविधा ले सकते हैं, जो बीमा कंपनी के नेटवर्क में शामिल होगा. अगर कोई अस्पताल कंपनी के नेटवर्क में शामिल नहीं है तो वहां इलाज कराने पर पॉलिसीधारक को पूरा पैसा खुद भरना पड़ेगा और बाद में वह बीमा कंपनी के सामने रीमबर्शमेंट कराना पड़ता है. इसमें मुश्किल ये है कि अगर व्यक्ति के पास इलाज के लिए पैसा नहीं है तो उसे बीमा का फायदा भी नहीं मिल सकेगा.