इजरायल और हमास के बीच जारी जंग के दौरान पाकिस्तान का हमास प्रेम देखने को मिला. रविवार (5 नवंबर) को पाकिस्तानी धार्मिक पार्टी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम पाकिस्तान (JUI-F) के चीफ मौलाना फजल-उर-रहमान ने कतर में हमास नेताओं इस्माइल हानियेह और खालिद मशाल से मुलाकात की. JUI-F ने एक बयान में बताया कि फजल-उर-रहमान ने गाजा के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की. इसके अलावा हमास के नेता ने कश्मीर पर भी निशाना साधने की कोशिश की. हमास के नेता ने कहा, फिलिस्तीन और कश्मीर में अन्याय उन देशों के चेहरे पर एक तमाचा है, जो मानवाधिकारों के उल्लंघन के लिए दूसरों की निंदा करते हैं. अरब न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक JUI-F चीफ शनिवार (4 नवंबर) को ही कतर पहुंचे थे. गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब इजरायली फाइटर जेट लगातार गाजा पट्टी पर हमला कर रहे हैं, जिसमें 7 अक्टूबर से 4,800 बच्चों सहित 9,770 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.