बाहुबली अतीक अहमद गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा है। इस बीच, सोशल मीडिया पर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की दो तस्वीरें खूब वायरल हो रही है, जिसमें वह बगैर बुर्के के नजर आ रही हैं। अभी तक शाइस्ता की जितनी भी तस्वीरें सामने आई हैं, सबमें वह बुर्का और नकाब पहने दिखी हैं। प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहीं शाइस्ता पर यूपी पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा है। बताया जा रहा है कि पुलिस को शादी के एक एलबम से शाइस्ता की ये तस्वीरें मिली हैं। एक फोटो में वह खाना खाते नजर आ रही हैं।
आपको बता दें कि शाइस्ता परवीन के दो वीडियो वायरल हो चुके हैं जिनमें वह अतीक गैंग के शूटरों के साथ नजर आ रही हैं। पुलिस को तभी से शाइस्ता की जोरशोर से तलाश है। आशंका जताई गई थी कि चूंकि शाइस्ता को किसी ने बगैर बुर्के के नहीं देखा है, इसका फायदा उठाकर वह विदेश भाग गई हैं। उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी चल रही है। फरार होने से पहले शाइस्ता अपने दो नाबालिग बेटों की कस्टडी के लिए अदालत में लड़ाई लड़ रही थी। उनके ये दोनों बेटे बाल सुधार गृह में रखे गए हैं।