एक्ट्रेस भाग्यश्री (Bhagyashree) और उनके बिज़नेसमैन पति हिमालय दासानी (Himalay Dassani) स्टार प्लस पर आने वाले नए रियलिटी शो ‘स्मार्ट जोड़ी’ में नज़र आ रहे हैं. इस रियलिटी शो से जुड़ा एक प्रोमो हाल ही में रिलीज किया गया है जिसमें भाग्यश्री ने अपनी शादी से जुड़ा किस्सा बेहद भावुक अंदाज़ में सुनाया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भाग्यश्री ने अपने पेरेंट्स की मर्जी के खिलाफ जाकर 1990 में शादी कर ली थी. आपको बता दें कि भाग्यश्री ने सलमान खान (Salman Khan) के साथ फिल्म ‘मैने प्यार किया’ में काम किया था जिससे उन्हें रातों रात पॉपुलैरिटी मिली गई थी. बहरहाल, रियलिटी शो ‘स्मार्ट जोड़ी’ के ट्रेलर में भाग्यश्री कहती हैं, ‘मेरे लिए शादी में कोई नहीं था, सिवाए इनके, जब मैने मम्मी-पापा से कहा कि मैं शादी करना चाहती हूं इनसे, वो नहीं माने. मां-बाप के बच्चों के लिए सपने होते हैं लेकिन बच्चों के अपने सपने भी होते हैं और कभी-कभी उनके सपने उन्हें जीने देना चाहिए क्योंकि आखिर में उनकी ज़िन्दगी है, उन्हें जीनी है’.