रूसी सेना ने कीव, खारकीव में तेज किए हमले, रिहायशी इलाकों में बरसाए तोप से गोले, 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत

 

Russia Ukraine Crisis: UNGA ने कल आपातकालीन विशेष सत्र में यूक्रेन पर रूसी हमले के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर चर्चा हुईयूक्रेन पर रूसी हमलों (Russian Invasion of Ukraine) का आज छठा दिन है. ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तरी इलाके, दूसरे शहर खारकीव और चेर्निहाइव में हमले तेज कर दिया हैं और घनी आबादी वाले इलाकों में तोप से गोले बरसा रहे हैं. रूसी हमले में 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो गई है. इसबीच, भारत ने आज अपने सभी नागरिकों से यूक्रेन की राजधानी कीव को तत्काल छोड़ने का आग्रह किया है. यूक्रेन में भारतीय दूतावास की ताजा एडवाइजरी में कहा गया है, छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों को आज तत्काल कीव छोड़ने की सलाह दी जाती है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद करने के लिए हंगरी के बुडापेस्ट जा रहे हैं. अब तक यूक्रेन से भारत कुल 1922 लोग लौट चुके हैं. रूसी हमले के बाद पांच दिनों में करीब साढ़े तीन लाख यूक्रेनी शरणार्थियों ने पड़ोसी देश पोलैंड में शरण ली है. पोलैंड के उप गृह मंत्री ने मंगलवार को कहा कि रूसी आक्रमण के बाद से लगभग 350,000 लोग यूक्रेन से पोलैंड में प्रवेश कर चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *