NEW DELHI : अकसर फोन फटने की खबरें या वीडियो आती रहती हैं, लेकिन फिर भी लोग लगातार फोन को चलाते रहते हैं। ताजा मामला राजधानी दिल्ली में सामने आया है, जहां वकील गौरव गुलाटी के नए OnePlus Nord 2 में ब्लास्ट हो गया और उनकी जान बाल-बाल बच गई। बताया जा रहा है कि फोन में धमाके की यह दूसरी घटना है।
इससे पहले अगस्त महीने में भी OnePlus Nord का फोन फट गया था और कंपनी ने मैन्युफेक्चरिंग डिफेक्ट की जगह कोई दूसरा कारण बताया था। वकील का कहना है कि जब उन्हें फोन के गर्म होने का एहसास हुआ उस समय फोन उनकी कोट की जेब में ही था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कोट को दूर फैंक दिया। इसी दौरान कोट में आग लग गई और फोन कोर्ट चैंबर के अंदर भी फट गया। वकील गौरव गुलाटी ने बताया कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय फोन की बैटरी 90 प्रतिशत थी और उसे चार्ज पर भी नहीं लगाया गया था। OnePlus कंपनी ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि हमें ट्विटर पर एक शख्स ने OnePlus Nord 2 के ब्लास्ट मामले में सूचना दी और हमारी टीम तुरंत वहां पहुंच गई। पर , हमारे कई प्रयासों के बाद भी फोन की जांच का हमें मौका नहीं दिया गया।