भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमान – एक सुखोई Su-30 और एक मिराज 2000 – एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान मध्य प्रदेश में दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं. शनिवार को यह जानकारी मिली है.
दोनों फाइटर जेट्स ने ग्वालियर एयरफोर्स बेस से उड़ान भरी थी. खोज और बचाव अभियान जारी है और हताहतों के ब्योरे का इंतजार है. मुरैना में स्थानीय लोगों द्वारा शूट किए गए वीडियो में विमान का मलबा जमीन पर पड़ा दिखा.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, “मुरैना के कोलारस के पास वायुसेना के सुखोई-30 और मिराज-2000 विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत दुखद है. मैंने स्थानीय प्रशासन को त्वरित बचाव एवं राहत कार्य में वायुसेना के सहयोग के निर्देश दिए हैं. विमानों के पायलट के सुरक्षित होने की ईश्वर से कामना करता हूं.”
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भारतीय वायु सेना के दो विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर वायु सेना प्रमुख द्वारा मामले की जानकारी दी गई है. रक्षा मंत्री ने भारतीय वायुसेना के पायलटों की कुशलता के बारे में जानकारी ली और घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने कलेक्टर से बात की. अभी तक 3 पायलटों में से 2 का पता चला है. दोनों पायलट घायल हैं और उन्हें अस्पताल भेजा जा रहा है.