बांग्लादेश के तट से टकराया चक्रवात रेमल, शुरू हो गया लैंडफॉल, कई जगहों पर जारी है तेज बारिश

नई दिल्ली, चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ बांग्लादेश के तटीय इलाकों से टकरा गया। प्रचंड रूप अख्तियार कर चुके इस चक्रवात का लैंडफॉल शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, रेमल चक्रवात बांग्लादेश के मोंगला और खेपुपारा तट के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से होते हुए भारत के पश्चिम बंगाल तट को पार करना शुरू कर दिया। तूफान बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी तटीय इलाकों और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप से उत्तरी दिशा की ओर बढ़ रहा है अगले पांच से सात घंटों में तूफान समुद्र तट रेखाओं को पार कर जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि रेमल के तटों पर पहुंचने पर 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और उनका वेग 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगा। चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा और कोलकाता एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। रेमल चक्रवात को लेकर पीएम मोदी भी एक्शन में नजर आए। पीएम नरेंद्र मोदी ने चक्रवात रेमल को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और परिस्थिति के बारे में जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *