जालंधर,(विशाल)-पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप को लेकर स्टूडेंट्स का गुस्सा बढ़ता चला रहा है। कालेजों की तरफ से डिग्री रोके जाने के विरोध में विद्यार्थियों ने मंगलवार को डीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि अगर उन्हें डिग्री नहीं दी तो वह किसी भी हद तक प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेंगे। स्टूडेंट्स का कहना है कि आज डिग्री दिलाने का अंतिम दिन है। अभी तक प्रशासन ने ना तो उन्हें बुलाया है और ना ही उनसे संपर्क किया है। प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें जल्द से जल्द डिग्री नहीं दी गई तो वे कांग्रेस के सभी दफ्तरों में प्रदर्शन करेंगे। वहां बैठे नेताओं को बाहर निकाल खुद धरने पर बैठेंगे।विद्यार्थी नेता नवदीप और दीपक बाली ने कहा कि प्रशासन उन्हें लगातार केवल आश्वासन दे रहा है। पिछले छह महीने में उन्होंने कई बार रोकी गई डिग्री देने की मांग उठाई है पर इसका समाधान नहीं करवाया जा रहा है। इससे जहां उनकी आगे की पढ़ाई के लिए समय बर्बाद हो रहा है। वहीं, डिग्री ना मिलने से वे कहीं नौकरी के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इसी कारण है कि उन्हें बार-बार अपनी डिग्री लेने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।