हरियाणा में हुई हिंसा के आरोपियों पर पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। अब तक 5 जिलों में 93 FIR दर्ज की गई हैं और 176 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसके साथ ही नूंह के एसपी वरुण सिंगला का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। उनकी जगह नरेंद्र बिजारनिया नए एसपी होंगे। वरुण सिंगला बृजमंडल शोभायात्रा से पहले छुट्टी पर चले गए थे। एक आधिकारिक आदेश में शुक्रवार को कहा गया कि नूंह के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, जो जिले में सांप्रदायिक झड़पें भड़कने के समय छुट्टी पर थे उनका तबादला कर दिया गया है। सिंगला को भिवानी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद द्वारा 3 अगस्त को जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार, नरेंद्र बिजारनिया जो सिंगला की अनुपस्थिति में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे नूंह के नए एसपी होंगे। पुलिस ने दंगों की शुरुआती जांच के बाद नूंह में रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने तावडू रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया है। जांच में सामने आया है कि ये लोग हिंसा में शामिल थे। इन रोहिंग्याओं ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। शुरुआती जांच में ये लोग हिंसा में शामिल पाए गए। पुलिस ने बुलडोजर से 200 से ज्यादा झुग्गियों को गिरा दिया। बुलडोजर का एक्शन करीब 4 घंटे तक चला। जानकारी के मुताबिक, इन झुग्गियों में बांग्लादेश के काफी लोग अवैध तरीके से रह रहे हैं, जिनमें से कई हिंसा में शामिल थे।