मुंबई क्रूज शिप ड्रग्स मामले में फिल्म अभिनेता शाहरुख़ के बेटे आर्यन खान को जमानत मिल चुकी है। लेकिन यह मामला एनसीपी नेता नवाब मलिक की वजह से अभी भी सुर्ख़ियों में बना हुआ है। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के ऊपर नवाब मलिक का हमला जारी है। एनसीपी नेता ने एक बार फिर से समीर वानखेड़े के ऊपर हमला बोलते हुए प्राइवेट आर्मी बनाकर लोगों को फंसाने का आरोप लगाया है। वहीं नवाब मलिक के एक बयान को लेकर भाजपा नेता मोहित कंबोज ने उनके ऊपर 100 करोड़ के मानहानि का मुक़दमा किया है। शनिवार को महाराष्ट्र के गोंदिया में आयोजित कार्यक्रम में एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि समीर वानखेड़े ने एक प्राइवेट आर्मी बना रखी है। इसमें मनीष भानुशाली, के पी गोसावी, फ्लेचर पटेल जैसे लोग शामिल हैं। जो लोगों के घर में ड्रग्स रखकर उन्हें फंसाते हैं। साथ ही नवाब मलिक ने कहा कि वे आने वाले समय में यह साबित कर देंगे कि समीर वानखेड़े ने प्राइवेट आर्मी बनाकर दहशत पैदा की है।