जालंधर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर वरिंदरपाल सिंह बाजवा ने कहा कि डेंगू रोग के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है यदि कुछ मिनट का समय लगा कर यह सुनिशिचत कर लिया जाए कि घरों में और उसके आसपास साफ पानी जमा न होने दिया जाए।जिला स्वास्थ्य सोसायटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिंदरपाल सिंह बाजवा ने जिला निवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास जहां भी एडीज मच्छर पनपने की संभावना हो, पानी इकट्ठा न होने दें।
उन्होंने कहा कि इससे वे स्वयं को और दूसरों को डेंगू से बचा सकेंगे। उन्होंने कहा कि डेंगू मच्छर का दायरा 200 मीटर तक होता है, इसलिए अगर लोग अपने घरों की सफाई करें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करें, तो इससे जल जनित बीमारियों के खिलाफ लड़ाई मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि घर में रखे कूलर, गमले, फ्रिज की ट्रे व अन्य बर्तनों में साफ पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।
श्री बाजवा ने कहा कि जिले में अब तक डेंगू के 48 मामले सामने आ चुके हैं और पिछले वर्षों की तुलना में यह बीमारी काफी हद तक नियंत्रण में है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार को ड्राई डे गतिविधियां मनाने के निर्देश दिये।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यार्थियों को डेंगू रोग के लक्षण और उससे बचाव के बारे में भी जानकारी देने को कहा। उन्होंने सीनियर मैडिकल अधिकारियों को डेंगू को नियंत्रण में रखने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में ड्राई डे अभियान चलाने को कहा।
इस अवसर पर उन्होंने आम आदमी क्लीनिक, एमआर की उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, नशामुक्ति एवं ओएटीएस केंद्र, जननी सुरक्षा योजना, टीबी मुक्त अभियान कार्यक्रम सहित अन्य की भी समीक्षा की गयी।