JEERA : फिरोजपुर के जीरा स्थित शराब फैक्ट्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब शराब फैक्ट्री के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
प्रथम जानकारी के अनुसार आज सुबह पुलिस ने फैक्ट्री के विरोध में बैठे लोगों को हिरासत में ले लिया है जिसके बाद वहां जमा भीड़ भड़क गई है। इससे पहले शनिवार रात को ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने फैक्ट्री की तरफ जाने वाले लोगों को रोक दिया है। पुलिस ने वहां से सारा सामान हटा दिया है और प्रदर्शनकारियों के टेंट भी उखाड़ दिए हैं। पूरा एरिया छावनी में तबदील हो गया है। इस दौरान प्रदर्शनाकिरयों द्वारा पुलिस की कार्रवाई का सख्त विरोध किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा बठिंडा-अमृतसर 54 नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की गई परंतु पुलिस ने वहां से भी लोगों को खदेड़ दिया है। पुलिस द्वारा हलके बल का प्रयोग किया गया। महिलाओं और 100 अधिक धरनाकारियों को हिरासत में लिया गया है।
तनावपूर्ण माहौल के चलते वहां खाली कैंटर, जे.सी.बी. मशीन, दंगा रोकू वाहन का इंतजाम किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने जो टैंट लगाया था और अन्य सामान कैंटर में भर लिया गया है। प्रदर्शनाकिरयों के शैड जे.सी.बी. मशीनों द्वारा उखाड़ा जा रहा है। बता दें कि 4-5 महीने से जीरा में शराब फैक्टरी के बाहर स्थानीय लोगों द्वारा धरना दिया जा रहा था। लोगों की मांग की थी शराब की फैक्टरी बंद की जाए। उससे उनके इलाके का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इस मामले को लेकर सी.एम. मान से मीटिंग की गई। कृषि मंत्री धालीवाल ने भरोसा दिया परंतु किसानों ने अपनी बात पर डटे रहे।