PUNJAB, HARYANA सहित उत्तर भारत में बढ़ेगी सर्दी, अगले 3 दिन के लिए अलर्ट जारी

NEW DELHI : देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा है कि एनसीआर के अलावा, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, झारखंड, राजस्थान में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा और तापमान में गिरावट दर्ज होगी। पंजाब में अगले 3 दिन भारी होने वाले हैं, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 3 दिन घना कोहरा पड़ने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम साफ बने रहने की संभावना है।
ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के बाद यहां चलने वाली हवाएं अपने साथ ठंड का प्रकोप उत्तर भारत में ले जाएंगी। दिल्ली का न्यूनतम तापमान कल 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। वहीं मुंबई में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को सर्दी में गर्मी के मौसम का अहसास हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों ने धुंध एवं कोहरे के बाद आज मुख्य रूप से आसमान साफ​रहने का अनुमान जताया। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगर देश में बने मौसमी सिस्टम की बात करें तो पश्चिम मध्य और इससे सटे पूर्व मध्य अरब सागर पर बना हुआ डिप्रेशन पिछले 6 घंटों के दौरान 14 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ा और आज 5:30 बजे अक्षांश 14.1 उत्तर और देशांतर 62.2 पूर्व के पास पश्चिम मध्य अरब सागर पर केंद्रित हो गया। यह अमिनीदेवी (लक्षद्वीप) के लगभग 1109 पश्चिम उत्तर पश्चिम में था। दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
इसके पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और अगले 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में आगे बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान, 19 दिसंबर की रात से तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं और धीरे-धीरे तेज हो सकती है। शेष देश में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर पूर्व भारत, खासकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में मध्यम कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।\

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *