जालंधर,(विशाल) श्री गुरु रविदास जी के प्रकाशोत्सव को इस बार कोविड-19 को लेकर जारी सरकारी नियमों का पालना करते हुए मनाया जाएगा। 27 फरवरी को मनाए जा रहे प्रकाशोत्सव की तैयारियों को लेकर सांसद चौधरी संतोख सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक व प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।सांसद ने कहा कि कोरोना महामारी के इस नाजुक दौर में इससे बचाव के लिए सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी है। श्री गुरु रविदास जी का प्रकाशोत्सव देश-विदेश में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस बार समारोह में मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने तथा सैनिटाइजर का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिला पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करवाने व निगम को नागरिक सेवाएं देने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस को भी व्यापक स्तर पर सेवाएं देनी होंगी। इस मौके पर उनके साथ विधायक सुशील कुमार रिकू, राजिदर बेरी, चौधरी सुरिंदर सिंह, मेयर जगदीश राजा, डीसी घनश्याम थोरी, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसएसपी संदीप गर्ग, एडीसी जसबीर सिंह, एसडीएम राहुल सिधू व डा. जयइंद्र सिंह मौजूद थे।