कोरोना के कारण सरकार ने लिया फैसला; ONLINE APPLICATION कर सकेंगे विद्यार्थी

चंडीगढ़ : पंजाब के उच्च शिक्षा विभाग ने सरकारी कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। इस बार सरकारी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी घर बैठकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थी विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कम से कम पांच कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने यह बड़ा बदलाव कोरोना संक्रमण को देखते हुए लिया है। अभी तक राज्य में सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थी आवेदन करते थे और मेरिट के आधार पर उन्हें प्रवेश मिलता था। इस प्रक्रिया में कई विभागीय गलतियां भी होती थीं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को कई कॉलेजों के फॉर्म लेने पड़ते थे। विद्यार्थी यह उम्मीद करते थे कि यदि उन्हें एक कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल पाया तो दूसरे कॉलेज को विकल्प के रूप में रखते थे।
इस कारण से विद्यार्थियों को कॉलेजों के कई चक्कर काटने पड़ते थे। इन्हीं सब परेशानियों से सबक लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया में यह बदलाव किया है। उच्च शिक्षा विभाग के पोर्टल में विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए आवेदन करने के बाद मेरिट के आधार पर सीट का आवंटन किया जाएगा। पंजाब से सभी 48 सरकारी कॉलेजों में ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभी कुछ नए कॉलेज भी शुरू हुए हैं। वहां पर विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से भी प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं, लेकिन प्रवेश की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। ऑनलाइन प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को 200 रुपये फीस जमा करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *