केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी नहीं हुई तो भूख हड़ताल पर बैठूंगा : नवजोत सिद्धू

MOHALI : लीखमपुर खीरी हिंसा के बाद से ही एक्टिव दिख रहे पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को मांग की है कि अगर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह भूख हड़ताल पर बैठेंगे। जानकारी के अनुसार नवजोत सिद्धू के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस का काफिला लखीमपुर खीरी के लिए रवाना भी हो गया है। मोहाली से लखीमपुर के लिए रवाना होते समय सिद्धू ने ऐलान किया कि अगर कल तक केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया तो मैं कल भूख हड़ताल पर बैठूंगा।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को ही ऐलान कर दिया गया था कि पंजाब कांग्रेस सिद्धू की अगुवाई में मोहाली से लखीमपुर खीरी तक मार्च करेगी। बता दें कि पिछले दिनों चन्नी सरकार में अपनी दखलअंदाजी स्वीकार नहीं किए जाने से नाराज होकर सिद्धू पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इससे पहले सिद्धू ने प्रियंका गांधी की रिहाई की भी मांग की थी। लखीमपुर हिंसा को लेकर पहले भी प्रदर्शन कर चुके सिद्धू ने उत्तर प्रदेश सरकार को मांगों को मानने के लिए बुधवार तक का समय दिया था। प्रियंका गांधी को तो सीतापुर गेस्ट हाउस से रिहा कर दिया गया है लेकिन केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। ऐसे में सिद्धू ने गुरुवार को मोहाली से लखीमपुर तक मार्च शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *