जालंधर, ज्वाइंट डायरेक्टर कृषि पंजाब डा.तेजपाल सिंह के नेतृत्व में कृषि विभाग की एक टीम द्वारा जिले के बीज डीलरों की विशेष चेकिंग की गई।
जांच टीम में मुख्य कृषि अधिकारी जालंधर डा.रणधीर सिंह ठाकुर, कृषि अधिकारी डा. जसबीर सिंह और डा. सुरजीत सिंह और कृषि विकास अधिकारी डा.अनीश चंद्र शामिल थे,द्वारा ब्लॉक जालंधर पूर्व, जालंधर पश्चिम, नकोदर और शाहकोट के बीज डीलरों का पूरा रिकॉर्ड जांचा गया और पंजाब सरकार द्वारा प्रतिबंधित बीजों की किस्मों पूसा-44 और हाइब्रिड धान के लिए जिले में विशेष जांच की गई। चेकिंग के दौरान संयुक्त निदेशक ने बीज डीलरों को किसानों को प्रतिबंधित किस्मों से होने वाले नुक्सान के बारे में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सभी डीलरों को पंजाब सरकार द्वारा प्रतिबंधित धान की किस्मों को न बेचने के निर्देश दिए तथा मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि कोई डीलर प्रतिबंधित किस्मों को बेचता है तो उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर जालंधर जिला बीज, कीटनाशक एवं उर्वरक एसोसिएशन ने पंजाब सरकार प्रतिबंधित किस्मों की बिक्री नहीं करने का आश्वासन दिया।