HYDRABAD : हैदराबाद में बड़ा हादसा हो गया। यहां बोयागुड़ा इलाके में एक कबाड़ गोदाम में आग लगने से 11 लोग जिंदा जल गए। मरने वाले सभी लोग बिहार के थे और यहां कबाड़ गोदाम में काम करते थे। अभी आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस जांच में जुट गई है। मौके पर मौजूद हैदराबाद डीसीपी सेंट्रल जोन ने बताया कि सभी 11 शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक कबाड़ गोदाम की पहली मंजिल पर 12 मजदूर सो रहे थे। अचानक भूतल पर आग लग गई। मजदूरों के बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता भूतल में कबाड़ की दुकान के माध्यम से था जिसका शटर बंद था। आज सुबह आठ बजे तक 11 शव बरामद कर लिए गए, जबकि एक मजदूर जो भागने में सफल रहा, उसे अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार फायर कंट्रोल रूम को तड़के करीब तीन बजे अलर्ट मिला और नौ दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक काम किया। गोदाम में फाइबर केबलों में आग लग गई थी जिसके कारण घना धुआं फैल गया और आग की तीव्रता और अधिक बढ़ गई। गोदाम में खाली शराब की बोतलें, कागज, प्लास्टिक और अन्य केबल भी रखे हुए थे। हली मंजिल पर दो कमरे थे और सभी 11 शव एक कमरे से बरामद किए गए थे। एक दूसरे के ऊपर लेटे हुए थे। शवों की पहचान नहीं हो पा रही है।