ईरान में महिलाओं ने हिजाब को लेकर पाबंदियों के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है और सड़कों पर उतर आई हैं। हिजाब न पहनने को लेकर गिरफ्तार एक महिला की मौत होने के बाद से ईरान में गुस्से और तनाव का माहौल है। कई जगहों पर महिलाओं ने विरोध में हिजाब को जला दिया है और अपने बाल तक काटे हैं। बीते शुक्रवार को महसा अमीनी नाम की 22 वर्षीय महिला की अस्पताल में तीन दिनों तक कोमा में रहने के बाद मौत हो गई थी। उसकी पुलिस की हिरासत में तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद अस्पताल में एडमिट कराया गया था। इसी को लेकर अब विरोध प्रदर्शन तेज हैं और सरकार की चिंताएं बढ़ रही हैं।
ईरान के कई विश्वविद्यालयों में आंदोलन हो रहे हैं। फारस और तनशीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक ईरान के दूसरे सबसे बड़े शहर मशहाद में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ISNA न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने सेंट्रल तेहरान में प्रदर्शन किए हैं। एजेंसी के मुताबिक सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपने हिजाब उतार डाले। प्रदर्शन तेज होने के बाद पुलिस ने कई जगहों पर लाठीचार्ज किया है और आंसूगैस के गोले भी दागे हैं। यही नहीं कई जगहों पर तो महिलाओं ने इस्लामिक रिपब्लिक मुर्दाबाद के नारे भी लगाए हैं।