इंडिगो स्टेशन हेड की हत्या से पहले अपराधियों ने की थी रेकी, सीने में मारी 6 गोलियां

पटना,  इंडिगो के स्टेशन हेड रुपेश सिंह (Indigo station Head Rupesh Singh) की हत्या को लेकर अब धीरे-धीरे नए-नए खुलासे हो रहे हैं. कहा जा रहा है कि स्टेशन हेड रुपेश सिंह की हत्या (Murder) करने से पहले अपराधियों ने उनकी हर गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई थी. वहीं, वारदात को देखने से लग रहा है कि जैसे घटना से पहले रेकी (Reiki) की गई थी. क्योंकि, रुपेश सिंह के घर आने-जाने का समय और हरेक गतिविधियों के बारे में उन्हें जानकारी थी. वारदात में लाइनर की भूमिका अहम होने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता है. बदमाशों को पता था कि शंकर पथ स्थित कुसुम विलास अपार्टमेंट की सड़क का आखिरी छोर बंद है. इसलिए बदमाश अपार्टमेंट के आखिरी छोर के पास छिपे थे. ऐसे में अपार्टमेंट की बालकनी में मौजूद लोग बदमाशों को देख भी नहीं पाए. वहीं, इंडिगो के स्टेशन हेड रुपेश सिंह ने जैसे ही शाम सवा सात बजे अपार्टमेंट के गेट के पास अपनी कार खड़ी की, वैसे ही बदमाशों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. उनके सीने में 6 गोलियां लगी थीं. उनका सीना पूरी तरह से छलनी हो चुका था. लेकिन आनन- फानन में राजाबाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, गोलियों की आवाज कुसुम विलास अपार्टमेंट के साथ ही आसपास के अपार्टमेंट में गूंजने से हर कोई हक्का-बक्का हो गया. भागते हुए लोग जब नीचे उतरे तो नजारा देख लोग हिल उठे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *