पाकिस्तान, ‘दुनिया के सबसे अकेले’ हाथी कावन को आखिरकार दोस्त मिल गई है। पाकिस्तान के चिड़ियाघर में करीब 35 साल तक क्रूरतापूर्ण व्यवहार का सामना करने के बाद अब कावन कंबोडिया पहुंच गया है। कंबोडिया में कावन तीन मादा हाथियों के साथ विचरण करते नजर आ सकता है। यही नहीं कावन ने तो एक मादा हाथी पर अपना ‘प्यार’ भी जताया है। पिछले महीने ही कावन को हवाई मार्ग से पाकिस्तान से कंबोडिया ले जाया गया था। कावन की देखभाल कर रहे कर्मचारी ने बताया कि दुनिया के इस सबसे अकेले हाथी की दोस्ती हो गई है। इससे पहले वर्ष 2012 में कावन की मादा दोस्त की इस्लामाबाद के चिड़ियाघर में मौत हो गई थी। तभी से कावन अकेला था। इसके बाद अमेरिका की चर्चित गायिका चेर ने कावन की रिहाई के लिए अभियान चलाया था। इसके बाद उसे कंबोडिया ले जाया गया जहां वह कुलेन प्रूम टेप वन्यजीव अभ्यारण्य में रह रहा है। कावन लंबे समय तक अकेले रहने के बाद अब बहुत तेजी से अपने आसपास के वातावरण में ढल रहा है और धीरे-धीरे अन्य हाथियों के साथ घुलमिल रहा है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो कावन को जल्द ही अभ्यारण्य के अंदर तीन मादा हाथियों के साथ छोड़ा जा सकता है। कावन के नए केयरटेकर सोक होंग ने कहा, ‘हमने देखा है कि कावन एक मादा हाथी के साथ संपर्क करने का इच्छुक नजर आया है।