जालंधर, (विशाल /रोजाना आजतक)- कोरोना वायरस से अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर जंग लड़ रहे जालंधर देहात पुलिस के कर्मचारियों को विदेश से मदद मिली है। यूनाइटेड किंगडम (यूके) की वर्ल्ड वाइड स्पोक संस्था ने देहात पुलिस को 200 मेडिकल किटें भेंट की हैं। पिंदू जौहल, सतनाम सिंह बाहड़ा और अमरीक सिंह की ओर संचालित इस संस्था की भेजी किटों में विटामिन सी, विटामिन डी, पैरासिटामोल की गोलियां, हैंड सैनिटाइजर व मास्क शामिल हैं। पुलिस कर्मचारी शारीरिक तौर पर तंदुरुस्त रहें और अपनी ड्यूटी चुस्ती-फुर्ती से निभाएं, इस मकसद से यह किटें दी गई हैं। किटें दफ्तरी कर्मचारियों के साथ सब डिविजनों, थानों में तैनात कर्मचारियों को दे दी गई हैं।इस मौके एसएसपी सतिंदर सिंह ने कोविड महामारी लड़ते वक्त पुलिस की मदद के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को भी कहा कि वह खुद को तंदुरुस्त रखें ताकि कोरोना महामारी से निपटने में वह लोगों की मदद कर सकें। इस मौके एसपी रवि कुमार, एसपी मनदीप ढिल्लो, एसपी गुरबाज सिंह, एसपी मनजीत कौर, डीएसपी सर्बजीत राय और संस्था की तरफ से पंजाबी गायक मंगी माहल, एडवोकेट अश्वनी कुमार बोपाराय, हरदीप तंगड़ा, तरलोचन सिंह जौहल व रिंकू फगवाड़ा मौजूद थे।