सुप्रीम कोर्ट में अपशब्द कहने और काग़ज़ उछालने वाले शख़्स समेत दो गिरफ़्तार

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कथित तौर पर शांति भंग करने और मुख्य न्यायाधीश को अपशब्द कहने की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने लखनऊ यूनिवर्सिटी के दो छात्रों को गिरफ़्तार किया है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, इनकी पहचान 24 वर्षीय प्रबल प्रताप और 23 साल के चंद्रभान के रूप में हुई है. प्रबल एलएलबी थर्ड ईयर और चंद्रभान सेकंड ईयर के स्टूडेंट हैं.

दोनों के ख़िलाफ़ दिल्ली के तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है. एफ़आईआर की प्रति और अन्य जानकारियों के लिए जब बीबीसी न्यूज़ हिन्दी ने थाने के एसएचओ ब्रिजेश कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने इस संबंध में कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया.

एसएचओ ने कहा, ”यह बेहद संवेदनशील मामला है. इस पर हम फ़िलहाल कुछ भी नहीं कह सकते. एफ़आईआर का विवरण भी साझा नहीं किया जा सकता.” उधर, परिवार का भी आरोप है कि पुलिस ने उन्हें अब तक एफ़आईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई है और सुप्रीम कोर्ट की घटना के बाद से प्रबल प्रताप पुलिस की हिरासत में हैं. परिवार के मुताबिक़, सोमवार को उनकी प्रबल से कुछ देर के लिए बात हुई थी, लेकिन उसके बाद पुलिस ने यह नहीं बताया कि उन्हें कहां रखा गया है. परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में सहयोग नहीं कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *