पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील रिंकू के प्रयास से पीएपी चौक से लेकर आरओबी तक हाईवे पर रैंप बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 4.685 करोड़ की मंजूरी दे दी है। एनएचएआई यहां 5.5 मीटर चौड़ा और करीब 300 मीटर लंबा रैंप बनाएगा। इस रैंप के बनने से लोगों को पीएपी से सीधे अमृतसर हाईवे की तरफ जाना आसान हो जाएगा। लोगों को रामामंडी का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। इसके लिए पीएपी ने भी सहमति पत्र दे दिया है, जिससे पीएपी की दीवारें पीछे होगी और हाईवे चौड़ा किया जाएगा।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (NHAI) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से बातचीत करते हुए कहा है कि रैंप वाइडिंग का काम जल्द शुरू किया जाए। सुशील रिंकू ने बताया कि पीएपी चौक के पास अमृतसर की तरफ जाने वाले हाईवे पर आरओबी से पहले कट बंद कर दिया गया, जिससे लोगों को अमृतसर जाने के लिए रामामंडी का चक्कर काटना पड़ रहा है।
सुशील रिंकू ने बताया कि इस पीएपी के पास रास्ता खुलने के लिए जहां हाईवे को चौड़ा किया जाएगा, वहीं पीएपी के तरफ से आरओबी तक एक रैंप बनाया जाएगा। इसके लिए पीएपी की दीवारें पीछे की जाएगी, पीएपी के अफसरों ने इसकी अनुमति दे दी है। इस रैंप के बनने से जालंधर समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
आपको बता दें कि अभी जालंधर से अमृतसर को जाने के लिए पीएपी की बजाए लोगों को रामामंडी जाना पड़ता है, फिर वहां से नेशनल हाईवे पर चढ़ना पड़ता है। इससे लंबी दूरी के साथ ईंधन और समय का नुकसान होता है। पीएपी के पास रैंप बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।