मुंबई, शाहरुख खान का ये बेटा मुस्कुराता भी है. 23 साल पहले करण जौहर की फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ से बड़े पर्दे पर अपनी मुंहदिखाई कर चुके आर्यन खान को देखकर सभी ने ये अंदाजा लगा लिया था कि बड़े होकर वो भी अपने पापा की तरह फिल्मों में एक्टिंग करेंगे, लेकिन आर्यन खान का फिलहाल एक्टिंग करने का कोई इरादा नहीं है. वो बतौर निर्देशक बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री करने से पहले आर्यन ने अपना पूरा होमवर्क कर लिया है.
आर्यन खान ने सभी स्टारकिड्स की तरह धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की. 15 साल की उम्र में हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन और बेटी सुहाना दोनों को इंग्लैंड के केंट स्थित सेवेनओक्स स्कूल में भेजा. सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान और अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने भी अपनी पढ़ाई इसी स्कूल से की है. ये स्कूल दुनिया के टॉप 15 स्कूल में से एक है. अपनी हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैलिफोर्निया के यूएससी स्कूल ऑफ सिनेमैटिक आर्ट्स से आर्यन ने फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन में डिग्री हासिल की. अपनी पढ़ाई के दौरान आर्यन ने निर्देशन की खास ट्रेनिंग ली है.
शाहरुख खान चाहते थे कि अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद आर्यन इंडिया में नहीं, बल्कि अमेरिका में ही नौकरी करे. ताकि वहां उन्हें किसी भी प्रकार की स्पेशल ट्रीटमेंट न दी जाए. आर्यन नेटफ्लिक्स के यूएस ऑफिस में काम करने वाले थे, लेकिन कोरोना की वजह से उन्हें फिर से इंडिया आना पड़ा. इस दौरान आर्यन NCB की केस में फंस गए और फिर लंबे समय तक उन्होंने लाइमलाइट से दूरी बना ली. भले ही लंबे समय तक आर्यन कैमरा पर नहीं नजर आए, लेकिन कैमरा के पीछे उन्होंने कई बड़े कमाल किए.
साल 2022 में आर्यन ने अपने खुद के ब्रांड ‘डी’यावोल’ को लॉन्च किया था. ‘डी’यावोल’ का मतलब होता है डेविल यानी शैतान. ये एक लग्जरी ब्रांड है. इस ब्रांड के तहत आर्यन कपड़े और शराब का बिजनेस करते हैं. लेकिन उनका ये ब्रांड आम आदमी के लिए नहीं है. ये काफी प्रीमियम ब्रांड है, जो हर कोई आसानी से खरीद नहीं सकता.