प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हरियाणा के हिसार से अयोध्या के लिए पहली वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला भी रखी. इस कार्यक्रम के जरिए उन्होंने हरियाणा में विकास की नई उड़ान की शुरुआत बताते हुए राज्य और देश के विकास में भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया.
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज हरियाणा से अयोध्या धाम के लिए फ्लाइट शुरू हुई है. यानी अब श्री कृष्ण की पावन भूमि, हरियाणा, सीधे प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से जुड़ गई है.” उन्होंने कहा, “यह उड़ान केवल दो शहरों को नहीं जोड़ती, यह आकांक्षाओं को एक नई ऊंचाई देती है. मेरा वादा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में उड़ेगा और आज वह सपना साकार हो रहा है.”