2024 में 4800 करोड़ में बिके सिर्फ 59 घर

2024 में देश के टॉप 7 शहरों में 40 करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाली 59 अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग यूनिट्स लगभग 4754 करोड़ रुपए की कलेक्टिव सेल्स वैल्यू पर बेची गईं. एनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में बेचे गए अल्ट्रा-लग्जरी घरों की कुल सेल वैल्यू के मुकाबले में 2024 में 17 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है. साल 2023 में कुल 58 अल्ट्रा-लग्जरी घरों की बिक्री हुई थी, जिनकी कलेक्टिव सेल वैल्यू 4063 करोड़ रुपए देखी गई थी. 2024 में बेचे गए कुल 59 अल्ट्रा लग्जरी घरों में से 53 अपार्टमेंट थे और केवल छह बंगले थे.

2024 में टॉप 7 शहरों में बेचे गए कम से कम 59 अल्ट्रा-लग्जरी घरों में से, मुंबई में 52 यूनिट्स थी, जो 40 करोड़ से अधिक की कीमत पर बेची गईं. खास बात तो ये है इन 59 डील्स में मुंबई की हिस्सेदारी 88 फीसदी देखने को मिली. दिल्ली-एनसीआर में 40 करोड़ रुपए से अधिक की कीमत के कम से कम तीन अल्ट्रा-लग्जरी घरों के सौदे लॉक हुए, जिसमें दो गुरुग्राम में और एक नई दिल्ली में था. आंकड़ों से पता चलता है कि बेंगलुरु और हैदराबाद में दो डील्स हुईं, जिनमें से प्रत्येक की कीमत 40 करोड़ रुपए से अधिक थी.

गहराई से देखने पर पता चलता है कि 2024 में बेचे गए 59 अल्ट्रा-लग्जरी घरों में से कम से कम 17 की कीमत 100 करोड़ रुपए से अधिक थी. अकेले बेचे गए इन 17 घरों की कुल कीमत 2,344 करोड़ रुपए थी. मुंबई शहर में 52 डील्स में से कम से कम 16 डील्स 100 करोड़ से अधिक कीमत पर थे. इनमें से 14 अपार्टमेंट (वर्ली, मालाबार हिल और पाली हिल) और कफ परेड और जेवीपीडी में दो बंगले थे. दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम में 100 करोड़ रुपए से अधिक कीमत का एक अल्ट्रा-लग्जरी घर बेचा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *